मोबाइल लूट रहे बदमाश को सेना के जवान ने दबोचा
- बदमाशों को धक्का देकर बाइक से गिराकर एक को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर घोषित हाई अलर्ट को बदमाश ठेंगा दिखा रहे है। सुभाष नगर में बाइक सवार बदमाशों ने सेना के हवलदार से पिस्टल के बल पर मोबाइल फोन लूट लिया। जवान ने साहस का परिचय देकर भाग रहे बदमाशों की बाइक को पीछे से खींचने लगा, जिससे बाइक अनियंत्रित हो कर गिर गयी। जवान ने एक बदमाश को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दूसरा गोली मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार राकेश मूलत: तमिलनाडु के नार्थ स्ट्रीट इलाके में रहता है। वह सेना में बतौर हवलदार पश्चिम बंगाल में तैनात है। वह सरकारी काम से दिल्ली आया हुआ था। पीतमपुरा इलाके में काम खत्म करने के बाद वह ट्रेन पकड़ने स्टेशन के लिए निकला। रात करीब साढ़े दस बजे रोड नंबर 44 पर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और उसे धक्का मारा, फिर उसकी हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। राकेश ने भाग रहे बदमाशों की बाइक को पीछे से पकड़ लिया, जिसकी वजह से अनियंत्रित होकर बाइक गिर गयी। अचानक हालात बदलने से हड़बड़ाए एक बदमाश पिस्टल निकाल लिया और जवान को गोली मारने की धमकी देकर भाग गया। जबकि बाइक चला रहे बदमाश सुल्तानपुरी निवासी करण को पीड़ित ने दबोच लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश की पहचान कर ली गयी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
-------
युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला
नई दिल्ली। मंगोलपुरी इलाके में बदमाशों ने घर के बाहर खड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान मंगोलपुरी एच ब्लॉक निवासी रोहित के रूप में हुई है। रोहित शुक्रवार रात घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान आधा दर्जन बदमाश आये और उससे मारपीट करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि पीड़ित युवक का रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। आशंका है कि इसी वजह से उसपर हमला किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है।