ट्रक चालक को बंधक बनाकर नकदी और बैट्री लूटी
- डायल 100 की जिप्सी घूम रही थी, फिर भी पता नहीं चला
- ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सुबह 7:30 बजे हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एस्टीम कार में सवार पांच बदमाशों ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर ट्रक में लदे ट्रैक्टरों की बैट्री लूट ली। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी गई। रविवार सुबह हुई वारदात के वक्त डायल 100 पुलिस की जीप गश्त कर रही थी, फिर भी बेखौफ बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वारदात की शिकायत पुलिस की गई है।
पुलिस ने बताया कि रविवार को ट्रक चालक रामअवतार पुत्र मुंदरू निवासी मोहनपुरा बूंदी राजस्थान ट्रक में 6 ट्रैक्टर नागपुर से जालंधर लेकर जा रहा था। जब ग्रेटर नोएडा के गांव सिरसा के पास से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चढ़ा। कोतवाली दादरी क्षेत्र के गांव बील के पास बने टोल के पास चालक ट्रक को रोक कर टायर चेक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आई एस्टीम कार में सवार पांच बदमाशों ने तमंचा दिखाकर चालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया। गोली मारने की धमकी दे दी। एक बदमाश उसके पास कार में रहा, जबकि चार बदमाशों ने ट्रक में लदी ट्रैक्टर की चार बैटरी व ट्रक की दोनों बैटरी तथा चालक से 3900 रुपये की नगदी लूट ली। लूटने के बाद गोली मारने की धमकी देकर कार से बाहर फेंक कर फरार हो गए । पीड़ित ने बताया कि वारदात के दौरान डायल 100 भी घूम रही थी, लेकिन उनको पता नहीं चला और बदमाश बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे रहे थे ।
पीड़ित चालक का कहना है कि घटना वारदात सुबह 7.40 बजे की है। पुलिस को सूचना देने के बाद करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। डायल 100 की कॉल कभी दिल्ली तो कभी दूसरी जगह जाकर मिल रही थी। घटना की तहरीर पुलिस को दी है। हालांकि पुलिस क्षेत्राधिकारी निशांक शर्मा का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।