सेल्समैन बनकर महिला दुकानदार से 50 हजार ठगे
दादरी की घटना, आरोपी करीब 4 घंटे तक दुकान में रहा
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक युवक ने खुद को सेल्समैन बताकर महिला कारोबारी से 50,000 रुपये ठग लिए। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि रेलवे रोड पर 24 फुटा रोड निवासी सुधा ने 3 माह पहले कॉस्मेटिक की दुकान खोली है। बृहस्पतिवार को महिलाओं के कड़े का सेल्समैन बनकर एक युवक तीन बड़े बैग लेकर आया। वह करीब 4 घंटे तक दुकान रहा। इस दौरान आधार कार्ड और अन्य कागज दिखाकर उसने सुधा को विश्वास में लिया।
आरोपी ने सुधा को बताया कि इसमें कड़े भरे हुए हैं। एक कड़े की कीमत 20 रुपये है। कड़े से भरे तीनों बैग की कीमत 1 लाख रुपये है। महिला ने 50,000 रुपये देने को कहा तो आरोपी राजी हो गया। महिला ने करीब 2 लाख के गहने पड़ोसी ज्वैलर के पास गिरवी रखकर रुपये दे दिए। थोड़ी देर बाद महिला से बैग को खोला तो उसमें कबाड़ था। एक बैग में मात्र 2,000 रुपये के कड़े मिले। दादरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सेन सिंह ने बताया कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।