फोटो -
कार्ड बदलकर 50 हजार निकाले, पुलिस ने टरकाया
ट्विटर से मिली मदद, प्रभारी ने बुलाकर दर्ज करवाई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर पुलिस चौकी के पास स्थित एटीएम से एक बार फिर डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकालने का मामला सामने आया है। एक साल के बच्चे को गोद में लेकर गए इंजीनियर से एटीएम केबिन में मौजूद तीन-चार लड़कों ने कार्ड बदल लिया। कुछ ही देर में 50 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत लेकर पीड़ित जब कोतवाली पहुंचा तो वहां पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय तीन बार वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि दूसरे को अपना कार्ड आखिर दिया ही क्यों ? परेशान होकर इंजीनियर ने पीएम, सीएम व यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल पर शिकायत कर दी। तब जाकर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी दल नायक सूरजपुर स्थित एक कंपनी में इंजीनियर हैं। मंगलवार सुबह वह एटीएम से रुपये निकालने गये। केबिन में पहले से तीन-चार लड़के थे। लड़कों ने मदद के बहाने दल नायक से कार्ड लेकर बदल लिया। इस एटीएम केबिन में पहले भी ठगी की वारदात हो चुकी है।
ट्विटर से निकाला पीड़ित का नंबर
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मनोज पंत ने बताया कि उन्हें ट्विटर पर शिकायत की जानकारी मिली। वहीं से पीड़ित का नंबर निकाला और उन्हें बुलाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इससे पहले उन्हें मामले की जानकारी नहीं दी थी।