संशोधित...मुरादाबाद के लिए उपयोगी.....
शराब तस्करी करने वाले दो गिरफ्तार, एक फरार
- पुलिस ने 140 कॉर्टन शराब और टेंपो जब्त किया, चालक की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डाबड़ी थाना पुलिस ने शराब तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर 140 कॉर्टन शराब व एक माल ढोने वाला टेंपो जब्त किया है। टेंपो चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश कर रही है। तस्कर हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली में बेचते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त एंटो अल्फोंस ने बताया कि डाबड़ी थाने के अतिरिक्त थाना प्रभारी मनोज कुमार को देर रात माल ढोने वाले टेंपो से शराब तस्करी किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने बिंदापुर जेजे कॉलोनी के पास निगरानी शुरू की। इसी बीच रात करीब साढ़े बारह बजे पुलिस की टीम ने एक टेंपो रोका। चालक ने टेंपो को रोकने के बजाए उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। वाहन की रफ्तार कम कर चालक और हेल्पर कूदकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर हेल्पर को दबोच लिया, जबकि चालक फरार हो गया। हेल्पर की पहचान चंदन नगर, मुरादाबाद यूपी निवासी नकुल कुमार (20) के रूप में हुई, जबकि चालक विनोद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। टेंपो की तलाशी लेने पर उसमें 80 कॉर्टन शराब के मिले। नकुल ने बताया कि वह विनोद के साथ हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली में बेचता है। पुलिस विनोद की तलाश कर रही है।
एक अन्य मामले में डाबड़ी थाने में तैनात सिपाही प्रदीप और कमल बाइक से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होेंने बिंदापुर जेजे कॉलोनी में एक युवक को कॉर्टन उठाकर घर में रखते देखा। जांच करने पर कॉर्टन में शराब की बोतलें मिली। पुलिस ने उसके कब्जे से 60 कॉर्टन बरामद किए। पुलिस ने आरोपी युवक बिंदापुर जेजे कॉलोनी निवासी करण(28) को गिरफ्तार कर लिया। करण ने बताया कि वह अवैध रूप से शराब बेचता है और शराब रखने के लिए उसने गोदाम बना रखा है। जांच में पता चला कि उस पर शराब तस्करी के चार मामले दर्ज हैं।