बाइकर्स गैंग पर बनी फिल्म की तर्ज पर वारदात करने आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ थाना पुलिस ने बाइकर्स गैंग पर बनी फिल्म और वीडियो से प्रभावित होकर लूटपाट और वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन बाइक बरामद की गई है। बदमाशों पर पहले से ही दर्जन भर लूटपाट व झपटमारी के मामले दर्ज हैं। जेल से निकलने के बाद दोनों बदमाश गैंग बनाने की तैयारी में थे।
जिला पुलिस उपायुक्त एंटो अल्फोंस ने बताया कि झपटमारी और लूटपाट पर अंकुश लगाने के लिए जगुआर मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया है। टीम शुक्रवार को संदिग्ध रूप से घूम रहे दो बाइक सवारों को रोक लिया। जांच में पता चला कि दोनों बाइक उत्तम नगर और तिलक नगर से चोरी की गई है। पुलिस ने दोनों बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की पहचान नजफगढ निवासी अजय कुमार और इकबाल के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दोनों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके निशानदेही पर बिंदापुर से चोरी की गई अन्य बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार वह पिछले साल जून माह में जेल से बाहर निकला था। वहीं, अजय पर दो मामले दर्ज हैं। वह इस वर्ष मई माह में जेल से बाहर आया है।