महिला की संदिग्ध हालात में
मौत, दहेज हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सागरपुर इलाके में सुधा (36) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने पति और ससुरालवालों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार है। एसडीएम ने जांच करने के बाद पुलिस को दहेज हत्या का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, सुधा पति व अन्य परिजनों के साथ दुर्गा पार्क इलाके में रहती थी। सुधा के भाई श्याम सुंदर ने पुलिस को बताया कि सुधा की वर्ष 2017 में प्रदीप से शादी हुई थी। बाद में पता चला कि प्रदीप शराब पीने का आदी है और नशे में सुधा की अक्सर पिटाई करता था। श्याम सुंदर के मुताबिक, बाद में वह सुधा से मायके से गाड़ी लाने की मांग करने लगा। सुधा के भाई ने उसे लोन पर गाड़ी दिलाने की बात कही। गाड़ी देने में देर होने पर वह अक्सर सुधा को पीटने लगा। दोनों के बीच रविवार को झगड़ा हुआ था। सोमवार दोपहर एक बजे प्रदीप ने श्याम सुंदर को फोन कर बताया कि सुधा ने खुदकुशी कर ली है। श्याम सुंदर सुधा के घर पहुंचा तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रदीप फरार है।