कालोनियों में खड़ी बाइक को चुराने वाला गिरफ्तार
नई दिल्ली। मंगोलपुरी से पुलिस ने कालोनियों में घरों के बाहर खड़ी बाइक को चुराने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंगोलपुरी निवासी विशाल (22) के रूप में हुई है। आरोपी पर पहले से ही 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से पांच बाइक बरामद की है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि बदमाश नशे का आदी है और नशे का सामान खरीदने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
जिला पुलिस उपायुक्त सेजू पी कुरुविला ने बताया कि 13 जुलाई की रात मंगोलपुरी थाना पुलिस ने एफ ब्लॉक में वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को यूटर्न कर भागने की कोशिश करते देखा। पुलिस ने पीछा कर युवक को दबोच लिया। जांच में पता चला कि बाइक पश्चिम विहार इलाके से चुराई गई है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चार अन्य बाइक बरामद की गई है। आरोपी ने बताया कि वह नशे की आदत को पूरा वारदात को अंजाम देता है। वह कालोनियों में खड़ी बाइक को चोरी करने के बाद सुरक्षित पार्किंग में पार्क कर देता है, जिससे किसी को शक न हो।