पति व ममेरे भाई के गैंगरेप से आहत युवती की आत्महत्या की कोशिश
नूंह। नूंह के गांव खेड़ा-खलीलपुर में एक विवाहित युवती ने पति व उसके ममेरे भाई पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी होने पर युवती की मां व भाई ने उसकी पिटाई की, जिससे आहत युवती ने आत्महत्या करने की कोशिश की। वह गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल भी कराया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़िता(19) ने पुलिस को दिए बयानों में कहा कि उसकी शादी इसी साल फरवरी में पंचगांव निवासी मुस्तकीम के साथ हुई । उसका गौना नहीं किया गया था जिसकी वजह से वह अभी तक ससुराल नहीं गई थी। 17 मई की रात उसे पति का फोन आया कि वह खेड़ा-खलीलपुर के खेतों में आया हुआ है तथा उससे मिलना चाहता है। पीड़िता ने यह बात मां को बताई लेकिन उन्होंने उसे जाने से मना कर दिया। कुछ समय बाद वह चुपके से पति से मिलने के लिए चली गई। उसे वहां पति मुस्तकीम व पति का ममेरा भाई रसीद मिले। आरोप है कि मुस्तकीम व रसीद ने उसके साथ गैंगरेप किया। उसके बाद उसे वहीं छोड़ भाग गए। वह जैसे-तैसे घर पहुंची। उसने छोटी बहन को आपबीती सुनाई। अगले दिन बात मां व भाई के सामने खुल गई, जिन्होंने उसे मारापीटा। वे नाराज थे कि जाने से रोकने के बावजूद वह मिलने चली गई।। गैंगरेप व अपनों की मारपीट से आहत युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन समय रहते परिजनों की नजर उस पर पड़ गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालत खराब होने के कारण उसे गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी न मिलने के कारण उसके बयान अदालत में नहीं हो पाए हैं।
---
-गुरुग्राम के अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक रेप पीड़िता को भर्ती कराया गया है। अस्पताल जाकर लड़की के बयान लिए गए। बयानों के आधार पर मुस्तकीम तथा रसीद के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल गुरुग्राम के अस्पताल में ही हो गया है। अभी वहां से डिस्चार्ज न किए जाने के कारण अदालत में बयान नहीं हो सके हैं। मामले की जांच चल रही है।
-एएसआई शोभा, जांच अधिकारी महिला थाना नूंह।