--------
हेडिंग: पर्स लूट रहे बदमाशों से भिड़ी युवती
बदमाशों की बाइक पकड़ने से 100 मीटर तक घिसटती चली गई
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-72 में शनिवार को पर्स लूट रहे बदमाशों से युवती भिड़ गई। युवती ने बदमाशों की बाइक पकड़ ली और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इसमें युवती घायल हो गई। वहीं, घटना को कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस छिपाती रही, जब मीडिया में मामला आया तो कार्रवाई की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से कल्याणपुरी दिल्ली निवासी प्रीति (23) नोएडा सेक्टर-73 में रहकर सेक्टर-72 के ब्यूटी पार्लर में काम करती है। 10 नवंबर को रात 8 बजे वह ब्यूटी पार्लर से पैदल ही घर जा रही थी। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश युवती का बैग छीनने लगे। युवती ने बैग नहीं छोड़ा और बदमाशों से भिड़ गई। इस बीच बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी। युवती भी बाइक के साथ करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई चली गई। युवती ने घायल होने के बाद बैग छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश तेजी से बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए। घटना के वक्त मौके पर काफी लोग थे, लेकिन कोई आगे नहीं आया। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।