तावडू। उपमंडल के अंतर्गत एक गांव खोरी कला की कॉलोनी में पुलिस ने छापेमारी कर वेश्यावृत्ति के आरोप में एक महिला सहित तीन को गिरफ्तार किया है। तावडू पुलिस ने सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खोरी कला में भिवाड़ी तावडू रोड पर बेरियर के साथ बनी कॉलोनी में एक मकान में यह अनैतिक कार्य किया जा रहा था।
खोरी कला पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई जगदीश के मुताबिक 15 अगस्त शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चाहल्का तावडू निवासी आसिफ अपने खोरी कला में बने एक मकान में लड़कियां लाकर वेश्यावृत्ति कराता है। वह रविवार को भी वेश्यावृत्ति कराने के लिए एक महिला व पुरुष को लाया हुआ है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नूंह व तावड़ू डीएसपी को सूचित कर एक टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम में महिला व पुरुष पुलिस जवान शामिल किए गए, वहीं टीम के एक सदस्य को हस्ताक्षर युक्त 500 रुपये का नोट देकर मौके पर फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा। जिसने मौके पर बैठे व्यक्ति के हाथ में 500 का नोट दे दिया। इसके बाद फर्जी ग्राहक के इशारा करने पर आसपास छिपे टीम के सदस्यों ने मौके पर दबिश देकर वेश्यावृत्ति कराने वाले व्यक्ति व अन्य पुरुष व महिला को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान चाहल्का निवासी आसिफ, गेदावरी कैलाली नेपाल निवासी सकार साउद व वर्तमान निवासी फूल बाग भिवाड़ी जिला अलवर राजस्थान, वहीं महिला की पहचान जखोपुर सोहना गुरुग्राम निवासी के रूप में हुई है।
तावडू पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि खोरी कलां में वेश्यावृत्ति के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। वर्ष 2020 में दो बार पुलिस द्वारा वेश्यावृत्ति के ठिकानों पर दबिश देकर कई महिला पुरुषों को गिरफ्तार किया गया था। जून माह में भी छह आरोपियों को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया था।