माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मेवात के डिंगरहेड़ी सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान मामले के याचिकाकर्ता के वकील की ओर से दलील दी गई कि इसमें हंसराज को आरोपी नहीं बनाया गया है। जबकि, वह वारदात की जगह मौजूद था। इस पर कोर्ट ने सीबीआई को निर्देश दिए कि इस मामले को लेकर जांच की जाए और सीबीआई अपना जवाब दाखिल करे। अगली सुनवाई 24 सितंबर को होगी।
बता दें कि 24 अगस्त 2016 की रात को तावडू उपमंडल के गांव डिंगरहेड़ी में एक परिवार में दोहरी हत्या, दो युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म सहित मारपीट का मामला सामने आया था। पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक नंदू की ढाणी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामला तूल पकड़ने के बाद आरोपी और पीड़ित पक्ष की ओर से सीबीआई जांच की मांग की गई थी। मामले में कुल 11 आरोपी हैं, जिनमें 10 जेल में हैं और एक आरोपी फरार है। इस मामले की सुनवाई सीबीआई कोर्ट में हो रही है।