पार्किंग स्थलों के टेंडर होने तक बिना फीस के खड़े कर सकते हैं वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एमसीडी की 32 पार्किंग में वाहन खड़े करने पर शुल्क नहीं देना होगा। पुराना टेंडर खत्म होने पर इन स्थानों को निशुल्क पार्किंग घोषित किया गया है। लोकसभा चुनाव होने तक ये सारी पार्किंग फ्री रहेंगी। चुनाव आचार संहिता हटने के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक, जब तक इन पार्किंग स्थलों का टेंडर नहीं होता, तब तक बिना फीस के यहां वाहन खड़े किए जा सकते हैं। यदि यहां पार्किंग के नाम पर कोई अवैध रूप से पैसे की वसूलगा तो निगम कार्रवाई करेगा। निशुल्क घोषित किए गए पार्किंग स्थलों में दक्षिणी जोन की 1, नजफगढ़ जोन की 2, सिविल लाइंस जोन में 1, केशवपुरम जोन में 1, मध्य जोन में 2, नरेला जोन में 2, पश्चिमी जोन में 2, करोल बाग जोन में 3, शहरी सदर पहाड़गंज जोन में 4, शाहदरा उत्तरी जोन में 3 और शाहदरा दक्षिणी जोन में 11 और रोहिणी जोन में 2 पार्किग हैं। फ्री पार्किंग की जानकारी निगम से एक्स पर भी दी है।
पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा राहत
शाहदरा दक्षिण और शाहदरा उत्तर जोन में 14 पार्किंग स्थल फ्री हैं। बिहारी कॉलोनी जैन मंदिर शाहदरा, विकास मार्ग पर बीएसईएस ऑफिस के पास, शांति मुकुंद अस्पताल के पास, आईपी एक्सटेंशन में गौरव अपार्टमेंट के पीछे, गाजीपुर गौशाला के पास, आईपी एक्सटेंशन पटपड़गंज में शनि मंदिर के पीछे, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के नजदीक प्राइमरी स्कूल के पास, बलदेव पार्क छत्रपति शिवाजी धर्मशाला, मयूर विहार फेज-1 सुप्रीम एनक्लेव, वसुंधरा एनक्लेव में मानव आश्रय के पीछे, गाजीपुर शमशान घाट, उस्मानपुर शास्त्री पार्क में डी एक्वा हॉट्स के पास, मानसरोवर पार्क में मेट्रो स्टेशन के पास, नंदनगरी में जनता फ्लैट के पास निगम की फ्री पार्किंग लोगों के लिए उपलब्ध है।