देश में बढ़ते ओमिक्रॉन के मामले लोगों की चिंता का कारण बने हैं। जिले में भले ही अब तक ओमिक्रॉन का एक भी केस नहीं मिला हो, लेकिन कोविड के केसों में वृद्धि से लोग परेशान हैं। खुद को कोरोना से बचाने के लिए कई लोग मनमाने उपाय आजमा रहे हैं। जबकि चिकित्सकों के अनुसार, पहले से इम्यूनिटी बूस्टर, काढ़ा या विटामिन आदि का सेवन सेहत पर भारी पड़ सकता है। दिक्कत होने पर चिकित्सीय सलाह बेहद जरूरी है।
चिकित्सकों के अनुसार, इम्युनिटी बूस्टर या काढ़ा एक निश्चित मात्रा में सही है, लेकिन मात्रा अधिक होने पर यह लीवर सहित शरीर के कई हिस्सों पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। विटामिन की अधिकता भी कई रोगों को जन्म दे सकती है। ओमिक्रॉन को लेकर अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं है। बस अपना ध्यान रखें। सबसे जरूरी मास्क पहनें, सामाजिक दूरी रखें और समय-समय पर हाथों को सैनिटाइज करते रहें।- सुनील कुमार शर्मा, सीएमओ
हमारी प्राकृतिक प्रतिरक्षा हमें ओमिक्रॉन से लड़ने में मदद करेगी। टीकाकरण से भी कोविड के विभिन्न रूपों से लड़ने में मदद मिलेगी। हमारी प्रतिरोधक क्षमता अन्य देशों के लोगों से अलग है। - डॉ एचके महाजन, सीनियर एनेस्थिसियॉलॉजिस्ट, इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर
सतर्क रहना आवश्यक है। घबराहट, अफवाहें, मनमाने इलाज दिक्कतें बढ़ाते हैं। सही खानपान बेहतर इम्युनिटी के लिए सबसे अच्छा उपाय है। दिक्कत होने पर डॉक्टर से सलाह लें।- डॉ डीके गुप्ता डायेरक्टर एवं फिजिशियन, फेलिक्स अस्पताल
इन बातों का रखें ख्याल
1- बच्चों, बुजुर्गों, कमजोर इम्युनिटी वालों एवं गर्भवती महिलाओं का खास ध्यान दें।
2- बिना आवश्यकता घर से बाहर निकलने से बचें।
3- सर्दी जुकाम, खांसी या अत्यधिक थकान, कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करें, चिकित्सक से सलाह लें।
4- बेहतर इम्युनिटी के लिए मौसमीय सब्जियों, फलों एवं घर में बनी चीजों को प्राथमिकता दें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।