नोएडा। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को राज्य सरकार की रिपोर्ट में कोरोना के 108 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 75 लोग ठीक हुए हैं। एक सप्ताह से लगातार प्रदेश में सबसे ज्यादा नए मरीज जिले में ही मिले हैं। सक्रिय मरीजों के मामले में जिला लगातार पहले नंबर पर है। फिलहाल, सक्रिय मरीजों की संख्या 569 है। दूसरे नंबर 189 मामलों के साथ गाजियाबाद है।
इससे पहले सक्रिय मामलों में लखनऊ लगातार पहले स्थान पर रहा है, लेकिन इस बार चौथी लहर की आहट सबसे पहले गौतमबुद्ध नगर में ही नजर आ रही है। जिले में सक्रिय केस लखनऊ के मुकाबले आठ गुना व गाजियाबाद के मुकाबले तीन गुना से अधिक हैं, जबकि लखनऊ और गाजियाबाद की जनसंख्या गौतमबुद्ध नगर से ज्यादा है। इधर, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अब तक मिले केसों में ज्यादातर हल्के लक्षण वाले होने से किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आ रही है। संक्रमितों को उचित इलाज मिल रहा है। सीएमओ डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि सभी संक्रमितों के इलाज की जरूरी सुविधाएं और दवाएं जिले में मौजूद हैं।