नोएडा इलेक्शन में प्रत्याशियों का सोशल मीडिया पर जोर
- फोटो : अमर उजाला
डिजिटल के जमाने में अब वोट मांगने का तरीका भी बदल गया है। नेता और राजनीतिक पार्टियां सोशल मीडिया के जरिये जनता से वोट मांग रही हैं। नेताओं का ऐसा कोई कोई भी भाषण या रैली नहीं जो वह सोशल मीडिया के जरिये लोगों को न दिखाते हों। नोएडा के प्रत्याशियों में ट्विटर के जरिये वोट मांगने और अपने काम दिखाने का सिलसिला जोरों पर है। तभी तो इस महीने भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा और आप के प्रत्याशियों ने 523 ट्वीट री-ट्वीट कर डाले। औसतन 13 ट्वीट री-ट्वीट एक प्रत्याशी के हिस्से में आया।
ट्वीट करने में सबसे आगे भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह हैं। पंकज ने 1 से 8 फरवरी दोपहर 2:20 बजे तक 207 पोस्ट कर डाले, इनमें 57 री-ट्वीट शामिल हैं। पंकज ने पिता राजनाथ सिंह के ट्वीट को सबसे अधिक री-ट्वीट किया है। पंकज ने 18 री-ट्वीट राजनाथ सिंह के किए हैं। इतने री-ट्वीट उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी नहीं किए। पंकज ने पीएम नरेंद्र मोदी के 9 और गृहमंत्री अमित शाह के 7 ट्वीट को री-ट्वीट किया है। सांसद डॉ. महेश शर्मा का एक ट्वीट ही उन्होंने री-ट्वीट किया है।
इस होड़ में पंकज सिंह के बाद सुनील चौधरी दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने एक फरवरी से 8 फरवरी दोपहर 2:20 बजे तक 113 पोस्ट किए हैं। इनमें 37 री-ट्वीट भी शामिल हैं। सुनील ने सबसे अधिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 21 ट्वीट को री-ट्वीट किया है। सपा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के 13 ट्वीट को री-ट्वीट किया है। तीसरे स्थान पर कांग्रेस की प्रत्याशी पंखुरी पाठक हैं। इन्होंने इतने ही समय के अंतराल 111 पोस्ट किए हैं, जिनमें 65 री-ट्वीट शामिल हैं।
पंखुरी ने राहुल, प्रियंका गांधी नहीं बल्कि कांग्रेस नेता अजित यादव के सबसे अधिक ट्वीट को री-ट्वीट किया है। पंखुरी ने अजित यादव के 9, प्रियंका गांधी के 7 और राहुल गांधी के एक ट्वीट को री-ट्वीट किया है। आप प्रत्याशी पंकज अवाना ने इस समय के अंतराल में ट्विटर पर 46 पोस्ट किए हैं। इसमें 12 री-ट्वीट शामिल हैं। पंकज ने आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल का कोई भी ट्वीट री-ट्वीट नहीं किया है बल्कि सांसद संजय सिंह के दो ट्वीट को उन्होंने री-ट्वीट किया है। बसपा प्रत्याशी कृपाराम शर्मा ने किसी का भी ट्वीट री-ट्वीट नहीं किया है। कृपाराम शर्मा ने इस समय के अंतराल 46 ट्वीट किए हैं।
लाइक करने में कंजूसी दिखाते हैं प्रत्याशी
प्रत्याशियों के ट्वीट पर तो कई लाइक आते हैं लेकिन प्रत्याशी दूसरे के ट्वीट को कंजूसी के साथ लाइक करते हैं। पंकज सिंह ने 8 लाइक किए हैं, उनमें से 4 सांसद डॉ. महेश शर्मा के ट्वीट को दिए हैं। उन्होंने महेश शर्मा का ट्वीट तो एक ही री-ट्वीट किया है लेकिन लाइक 4 ट्वीट किए हैं। अपने लाइक्स के 50 प्रतिशत उन्होंने महेश शर्मा को दिए हैं।
प्रत्याशी ट्वीट लाइक की संख्या
पंखुरी पाठक - 122
सुनील चौधरी - 45
पंकज अवाना - 44
पंकज सिंह - 8
कृपाराम शर्मा - 1
प्रत्याशी फॉलोवर की संख्या
पंकज सिंह - 6.21 लाख
पंखुरी पाठक - 4.21 लाख
सुनील चौधरी - 1436
पंकज अवाना - 528
कृपाराम शर्मा - 394