जेवर में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे और साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा 2024 में शुरू हो जाएगा। यह यूपी का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। 34,000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से विकसित होने वाला हवाई अड्डा एक लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।
विज्ञापन
इससे पहले मुख्यमंत्री को पूरी तैयारियों का एक अंतिम ड्राफ्ट दिखाया गया। उन्हें प्रधानमंत्री के मंच के अलावा अन्य मंच, आम जनता के बैठने के स्थान, प्रधानमंत्री के उतरने के लिए हेलीपैड, आम लोगों के आने जाने के रास्ते, प्रदूषण से बचाव और आपातकालीन स्थिति के प्लान की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को लेकर कई जरूरी दिशानिर्देश दिए।
एक किमी से अधिक का होगा सुरक्षा दायरा
कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन, बम निरोधक देस्ता आदि के जरिये जांच कर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की जाएगी। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। सभी को सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रतिबंधित वस्तुुओं के अलावा काले रंगे के कपड़े आदि पर भी रोक लग सकती है।
एसपीजी ने जुटाई हेलीपैड, इमरजेंसी रास्ते की जानकारी
एसपीजी ने जिला पुलिस-प्रशासन से कार्यक्रम के बारे में जानकारी हासिल की है। हेलीपैड बनाने, भीड़ के लिए आवागमन के रास्ते सहित इमरजेंसी की स्थिति में प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री को ले जाने के लिए रूटों की भी जानकारी जुटाई।