ग्रेटर नोएडा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा आएंगे। वे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित कार्यक्रम में जिले वासियों को 1000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें ग्रेनो की 600 करोड़ और नोएडा की 400 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं। मंगलवार को प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बुधवार से अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसको लेकर अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर ट्रैफिक कर्मियों की जांच की। इसमें कई पुलिसकर्मी मानक के अनुसार वर्दी में नहीं नजर आए, उन्हें चेतावनी दी गई है। डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि कौन कर्मचारी कहां तैनात है और वह समय पर पहुंचा या नहीं आदि की जांच की गई।