मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा को और अधिक रोचक व आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब बच्चों को ई-बोर्ड से पढ़ाई कराई जाएगी। इसके तहत प्रत्येक स्कूल की समय सारिणी में एक पीरियड स्मार्ट क्लास के लिए अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा है।
शिक्षक अब हर दिन बच्चों को स्मार्ट बोर्ड, प्रोजेक्टर और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से पाठ्यक्रम पढ़ाएंगे। जिससे बच्चे केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि दृश्य और श्रव्य माध्यम से विषयों को आसानी से समझ सकें। बीएसए रतन कीर्ति ने बताया कि यह व्यवस्था न केवल विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाएगी, बल्कि डिजिटल एजुकेशन की दिशा में ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा देगी। शिक्षकों को भी स्मार्ट क्लास संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे तकनीक का अधिकतम लाभ छात्रों तक पहुंचा सकें। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूल के टाइम टेबिल में स्मार्ट क्लास पीरियड को अंकित करें। साथ ही इसकी रिपोर्ट ब्लॉक संसाधन केंद्रों तक भी भेजें। इधर शिक्षकों को निपुण शिक्षा अभियान के तहत विज्ञान प्रयोगशालाओं में प्रशिक्षण भी दिया गया है। इससे ना सिर्फ शैक्षणिक पद्धति में सुधार होगा, बल्कि स्मार्ट क्लास से बच्चों की सीखने की गति बढ़ेगी। साथ ही विज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों को समझना आसान होगा।