ओबरा के चोपन रोड पर चक्काजाम किए मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : 1
ओबरा। सड़क हादसे में घायल युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार की रात ओबरा-चोपन रोड पर शव रखकर जाम लगाए रखा। परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। सीओ ओबरा हर्ष पांडेय ने कड़ी कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए। जाम के चलते करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
मंगलवार को चोपन रोड पर हुए सड़क हादसे में जुगैल थाना क्षेत्र के खरहरा गांव का रहने वाला गणेश केशरी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार की शाम मौत हो गई।
परिवार के लोग एंबुलेंस से शव लेकर चोपन रोड स्थित आरओ प्लांट के पास पहुंचे। सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। नाराजगी जता रहे लोगों का कहना था कि मृतक आश्रितों को पांच लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए। जाम के चलते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने उन्हें समझाने बुझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। इसको लेकर परिजनों और प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया के बीच नोक झोंक भी हुई। लगभग डेढ़ घंटे बाद सीओ हर्ष पांडेय पहुंचे। उन्होंने हादसे के दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजा दिलवाने का भरोसा दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। संवाद