फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह जिलों की 2000 छात्राओं को टैबलेट और स्मार्ट फोन देंगे मुख्यमंत्री

विज्ञापन
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते जिलाधिकारी सुहास एल वाई व अन्य अधिकारी। संवाद - फोटो : Grnoida
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छह जनवरी को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में छह जिलों की 2000 छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन का देंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने प्रशासनिक अफसरों के साथ मिलकर जीबीयू के ऑडिटोरियम में तैयारियों का जायजा लिया। यहीं से मुख्यमंत्री नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही कोरोना संक्रमण को रोकने की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।
विज्ञापन

प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। घोषणा से पहले प्रदेश सरकार मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रही है। अब बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध नगर में आ रहे हैं। यहां जीबीयू के ऑडिटोरियम में टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जीबीयू पहुंचेंगे और सीधे कार्यक्रम में शामिल होंगे। टैबलेट और स्मार्ट फोन वितरण के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। दोनों प्राधिकरण इनकी सूची तैयार कर रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री कोरोना के रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और प्राधिकरण के अफसर मौजूद रहेंगे।
गौतमबुद्ध नगर की 500 और अन्य जिलों की होंगी 1500 छात्राएं
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में एक हजार छात्राओं को टैबलेट व एक हजार को स्मार्ट फोन दिया जाएगा। 2000 में गौतमबुद्ध नगर की 500 छात्राएं होंगी। इनमें 300 को टैबलेट व 200 को स्मार्ट फोन मिलेगा। वहीं, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर से 300-300 छात्राएं आएंगी। 300 में से 160 को टैबलेट व 140 को स्मार्ट फोन मिलेगा।
विज्ञापन

सिटी बस सेवा की शुरुआत करेंगे मुख्यमंत्री
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यूपी रोडवेज के साथ मिलकर सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है। इसका शुभारंभ छह जनवरी को मुख्यमंत्री करेंगे। जीबीयू से वह बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्राधिकरण के साथ मिलकर यूपी रोडवेज ने सिटी बस सेवा के पांच रूट तैयार किए हैं। इनसे ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर और गांवों को जोड़ा गया है।
जीबीयू को चमकाने का काम तेजी से शुरू
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जीबीयू को चमकाया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पूरी टीम जीबीयू में लगी है। ऑडिटोरियम के आसपास साफ-सफाई की जा रही है। मंच को तैयार किया जा रहा है। छात्राओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। अफसरों ने बताया कि कार्यक्रम में कोविड नियमों का पालन किया जाएगा। इसी के हिसाब से तैयारी की जा रही है।
सभी जिलों के जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
टैबलेट और स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम में छह जिलों की छात्राओं के साथ वहां के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है। उनके बैठने की व्यवस्था की जा रही है। अफसरों का कहना है कि अभी शासन स्तर से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नहीं आया है। कार्यक्रम आने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें