ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ग्रेटर नोएडा दौरा रद्द हो गया है। उनके दौरे के साथ-साथ गौतमबुद्घ विश्वविद्यालय (जीबीयू) में होने वाले टैबलेट और मोबाइल वितरण कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। अब छात्राओं को स्कूलों में ही टैबलेट और मोबाइल दिए जाएंगे। वहीं नोएडा और ग्रेटर नोएडा की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी टल गया है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा आना था। उन्हें जीबीयू में आयोजित होने वाले टैबलेट और मोबाइल वितरण कार्यक्रम में भाग लेना था। कार्यक्रम में 6 जिलों की 2000 छात्राओं को टैबलेट और मोबाइल वितरित किए जाने थे। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। जीबीयू के ऑडिटोरियम को तैयार किया जा रहा था। मौके पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की भी करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होना था, लेकिन बुधवार को मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम रद्द हो गया।
अधिकारियों के मुताबिक अन्य जिलों को मोबाइल व टैबलेट उपलब्ध करा दिए गए है। संबंधित जिले के अधिकारी वहीं छात्राओं को मोबाइल और टैबलेट वितरित करेंगे। वहीं जिले में राजकीय पॉलीटेक्निक बादलुपर, जीएम डीआईसी, आईटीआई एनटीपीसी और आईटीआई जेवर की 500 छात्राओं को टैबलेट व मोबाइल का वितरण होना है। इन सभी शिक्षण संस्थानों को टैबलेट व मोबाइल उपलब्ध करा दिए गए है। बृहस्पतिवार को सभी जगह इनका वितरण होगा।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द हो गया है। जीबीयू में भी बृहस्पतिवार को अब कोई कार्यक्रम नहीं होगा। जिले की छात्राओं को उनके संस्थान में ही टैबलेट और मोबाइल प्रदान किए जाएंगे। अन्य जिलों को भी टैबलेट व मोबाइल उपलब्ध करा दिए गए है।- अनिल कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, गौतमबुद्घ नगर