फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टेलीग्राम ऐप पर रकम दोगुना करने का लालच देकर ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। साइबर ठगों ने टेलीग्राम ऐप पर ऑनलाइन निवेश से रकम दोगुना करने का लालच देकर युवक से 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, बरौला गांव निवासी निखिल चौहान ने शिकायत दी है कि उनके पास दो दिन पहले टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था। इसमें बताया गया था कि घर बैठे ऑनलाइन निवेश से कुछ ही घंटों में लाखों रुपये की कमाई की जा सकती है। ठगों ने बताया कि जैसे ही ऑनलाइन साइट पर निवेश करेंगे तो कुछ घंटे में ही रकम दोगुना हो जाएगी। ठगों ने निखिल को निवेश करने के लिए एक लिंक भी भेज दिया। निखिल ने लिंक को क्लिक किया तो इसमें रकम निवेश करने के लिए एप डाउनलोड करने को कहा गया। इसके बाद निखिल ने एप डाउनलोड कर लिया। एप में बताया गया कि यहां 100 रुपये से लेकर लाखों रुपये तक का निवेश किया जा सकता है। निखिल ने एप पर विश्वास करके 5 हजार रुपये का निवेश कर दिया। कुछ घंटे बाद उनके पास मैसेज आया, जिसमें निवेश से कई गुना लाभ होने की बात कही गई। रकम को खाते में लेने के लिए उनसे जीएसटी, सर्विस टैक्स के साथ ही अन्य टैक्स देने की मांग की गई। इसके बाद पहली बार 21,532 रुपये और दूसरी बार में 24763 रुपये टैक्स के रूप में ठगों ने ऐंठ लिए। इसके बाद युवक का संपर्क ठगों से नहीं हो पाया।
ऐसे बरतें सावधानी
- कुछ घंटे, माह में रकम दोगुना कराने का झांसा देने वाले साइबर ठग हो सकते हैं।
- अज्ञात शख्स के लिंक को क्लिक न करें। क्लिक करते ही खाता खाली हो सकता है।
- कभी भी किसी के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें। इस तरह के एप रिमोट एप होते हैं जिसे डाउनलोड करते ही आपका मोबाइल हैक हो सकता है।
- जीएसटी, सर्विस टैक्स, कस्टम शुल्क के नाम पर ठगी हो रही है। अगर आपके पास इनके लिए फोन या मैसेज आएं तो सावधान रहें।
आटा कंपनी की एजेंसी दिलाने के नाम पर 4.93 लाख ठगे
नोएडा। आटा कंपनी की एजेंसी दिलाने के नाम पर एक शख्स से 4.93 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को कंपनी का पर्सनल रिलेशनशिप अधिकारी बताकर डिपार्टमेंटल स्टोर के मालिक को ठग लिया। पीड़ित ने ठगी की शिकायत कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस से की है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, पर्थला खंजरपुर निवासी रविंदर यादव का आरोप है कि वह एक डिपार्टमेंटल स्टोर चलाते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने आटा कंपनी की एजेंसी लेने के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था। यहां उन्हें एक नंबर मिला। नंबर पर रविंदर ने बात की तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने अपना नाम मनीष गुप्ता बताया और खुद को एक आटा कंपनी में पर्सनल रिलेशनशिप अधिकारी होने की बात कही। मनीष ने रविंदर से कहा कि उसे आसानी से एजेंसी मिल जाएगी। इसके लिए कुछ दस्तावेज देने होंगे। दस्तावेज हासिल करने के बाद ठग ने रविंदर को झांसे में ले लिया और विभिन्न मदों में कई बार अलग-अलग खातों में कुल 4,93,916 रुपये डलवा लिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपी रविंदर का फोन नहीं उठा रहे हैं।
जीवन बीमा के नाम पर 1.21 लाख ठगे
नोएडा। जीवन बीमा कराने के नाम पर साइबर जालसाज ने एक शख्स से 1.21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस से की है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-122 निवासी राजेंद्र के पास कुछ दिन पहले एक नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह अधिक मुनाफे की पॉलिसी दिला सकता है। इससे भविष्य में काफी पैसा मिलेगा। झांसे में लेने के बाद ठग ने राजेंद्र के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और बैंक संबंधी जानकारी भरने के लिए कहा। जैसे की राजेंद्र ने लिंक को क्लिक किया तो खाते से रुपये निकल गए। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें