पुन्हाना/पिनगवां। नूंह जिले के कस्बा पिनगवां स्थित राजकीय बाग एवं नर्सरी में विभाग की 55 एकड़ जमीन वर्षों से बेकार पड़ी थी। अब सरकार की ओर से 8.14 करोड़ की लागत से बरसाती प्याज का उत्कृष्ट कैंप (सेंटर आफ एक्सीलेंस फॉर खरीफ ओनियन) बनाया जा रहा हैै। हरियाणा में गुणवत्ता के एतबार से बरसाती प्याज उगाने वाला मेवात जिला अब एक हब बनने जा रहा है। जिले के किसानों को बरसाती प्याज के बीज के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। इतना ही नहीं किसानों को बागवानी से संबंधित प्रशिक्षण व 12वीं पास युवाओं को बागवानी में डिप्लोमा के लिए ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। यह सेंटर करीब एक से डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
जिला बागवानी अधिकारी डॉ. दीन मोहम्मद ने बताया कि राजकीय बाग एवं नर्सरी पिनगवां के पास कुल 55 एकड़ भूमि है। जिसमें 10 एकड़ भूमि में बेर का बाग लगा हुआ है और कुछ जमीन पर भवन बनाया गया है, बाकी बची 39 एकड़ भूमि में किसानों को बागवानी फसलों के लिए प्रेरित करने का लगभग हर साधन यहां पर मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया बरसाती प्याज का उत्कृष्ट कैंप बनने के बाद नूंह जिला के किसानों की कायाकल्प होगी। जिससे मेवात के किसान काफी मुनाफा कमाकर अपनी आय को बढ़ा सकेंगे। उन्होंने बताया हाइब्रिड सब्जी की पौध और बीज तैयार करने की हाईटेक कैंप होगा। बागवानी विभाग की ऐसी फसलों के प्रदर्शन प्लाट लगाए जाएंगे, जो बिना सिंचाई के भी किसानों के लिए अच्छी खासी लाभकारी हो सकती हैं।
पांच किलोमीटर दूर से लाया जाएगा पानी
डीएचओ दीन मोहम्मद ने बताया कि सेंटर के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फलैंडी गांव के पास से सात इंच मोटी पाइप लाइन डालकर पानी लाया जाएगा। सेंटर में 120 लंबा, 80 फीट चौड़ा व 12 फीट गहरा तालाब बनेगा जिसमें 32 लाख 62 हजार 464 लीटर पानी स्टोर किया जा सकेगा। इसपर करीब 35 लाख रुपये की लागत आएगी।
फसल छटनी की लगेंगी मशीनें
यहां पर आलू, प्याज, टमाटर, गाजर, मूली आदि फसलों को छटनी करने वाली मशीनें लगेंगी। किसानों को यहां पर सस्ते दर पर मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएगीं। किसानों की फसलों को भी पैकिंग कराकर मार्केट में ले जाया जाएगा। जिससे किसानों की आमदनी दुगुनी हो सकती है।
डिप्लोमा व ट्रेनिंग सेंटर बनेगा
डीएचओ दीन मोहम्मद ने बताया कि यहीं पर किसानाें के लिए प्रशिक्षण व 12वीं पास युवाओं को बागवानी में डिप्लोमा के लिए ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। डिप्लोमा लेने वाले युवाओं को माली, आदि के पदों पर सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में आसानी से नौकरी मिल सकेंगी।
डीएचओ स्तर का अधिकारी होगा नियुक्त
डाक्टर दीन मोहम्मद ने बताया कि इस सेंटर पर डीएचओ रैंक का प्रोजेक्ट ऑफिसर नियुक्त होगा। यहां पर करीब 40-50 कर्मचारी व अधिकारी नियुक्त होंगे। एक करोड़ की लागत से पैकिंग हाउस बनेगा। करीब दो करोड़ 64 लाख की लागत से 55 एकड़ जमीन की चहारदीवारी होगी।