चरखी दादरी। दीपावली का पर्व जिले में धूमधाम से मनाया गया। सोमवार शाम को श्री गणेश व लक्ष्मी के पूजन के बाद लोगों ने जमकर पटाखे जलाए। देर रात तक आतिशबाजी का दौर जारी रहा।
दूसरे शहरों, प्रदेशों में नौकरी, कारोबार करने वाले लोग अपने परिजनों के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने घर आए। लोगों ने एक-दूसरों को देने के लिए मिठाइयां, गिफ्ट आदि की खरीदारी की। रात के समय गलियों, काॅलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों पर भी बच्चे, युवा पटाखे जलाते व आतिशबाजी करते दिखे। वहीं, दूसरी ओर पटाखे जलाते समय दादरी शहर निवासी एक बालिका झुलस गई। उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
इनके अलावा, सोमवार रात को पटाखों के कारण भिवानी-रावलधी लिंक रोड बाईपास के समीप स्थित डंपिंग पॉइंट पर पड़े कचरे में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।