संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिंगापुर से दिवाली मनाने घर लौटे जगाधरी के भारत सेवक नगर निवासी गोविंद राजपूत (22) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा दिवाली की देर रात करीब एक बजे जगाधरी के महाराजा अग्रसेन चौक के पास हुआ।
गोविंद सिंगापुर में पढ़ाई करने गया था, जहां से दो माह पहले ही दिवाली के चलते घर आया था। गोविंद के जीजा श्रवण कुमार ने बताया कि दिवाली की रात को घर पर जश्न का माहौल था।रात एक बजे गोविंद को उसके किसी दोस्त का कॉल आया। इसके बाद गोविंद स्कूटी लेकर चला गया। वह सुबह तक घर नहीं आया। सुबह परिवार को पुलिस की ओर से फोन कर बताया गया कि गोविंद की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
उसका शव जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा है। घटनास्थल पर निजी पैलेस के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो पाया कि कि गोविंद रात सवा एक बजे एक्टिवा से जा रहा है, तभी उसकी स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। कुछ देर में पुलिस आकर उसे अस्पताल ले गई। वहां इलाज के दौरान गोविंद ने दम तोड़ दिया।