भरभराकर गिरा छत का प्लास्टर, ऑडिट कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में सोमवार सुबह छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। गनीमत रही परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। फ्लैट मालिक आलोक कुमार झा ने ऊपर वाले फ्लैट से आ रही सीलन को कारण बताया है।
आलोक कुमार झा ने बताया कि उनके ऊपर वाले फ्लैट में लंबे समय से सीलन की समस्या है। उन्होंने कई बार संबंधित फ्लैट मालिक से मरम्मत का अनुरोध किया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब बच्चे मंदिर गए थे और एक बच्चा बाथरूम में था, तभी प्लास्टर भरभराकर नीचे गिरा। तेज आवाज सुनकर परिवार घबरा गया। उन्होंने पहले भी अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया था। घटना के बाद आलोक कुमार झा ने एक्स के जरिये नोएडा प्राधिकरण में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने संबंधित फ्लैट की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और पूरे अपार्टमेंट का सुरक्षा ऑडिट कराने की भी मांग की है। झा ने कहा कि वह मंगलवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मिलकर शिकायत देंगे।