दादरी। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का प्रयास करने के मामले में दादरी थाने में पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है। गांव कैमराला चक्रसैनपुर निवासी हरीकिशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री नेहा का विवाह दिल्ली निवासी विशाल उर्फ सन्नी के साथ किया था। शादी में चार पहिया वाहन, लगभग 50 तोला सोना, करीब एक किलो चांदी, सात लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद विवाह के कुछ समय बाद से ही पुत्री को उसके पति विशाल, सास ममता, ससुर चन्द्रपाल और ननद काजल व पायल द्वारा दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच पुत्री गर्भवती हो गई और ससुर उसे मायके छोड़कर चला गया। आरोपियों की मांग पर करीब दस लाख रुपये नकद दिए गए, बावजूद इसके ससुराल पक्ष लगातार प्रताड़ित करता रहा। आरोपी लगातार छोटी गाड़ी की जगह फॉर्च्यूनर गाड़ी, बीस लाख रुपये नकद तथा अन्य दहेज की मांग करते रहे। वहीं कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।