ब्लड शुगर व उच्च रक्तचाप के मरीजों को ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। घरों में दिवाली उत्सव शुरू हो गया है। यह खुशियों और मिठास से भरा त्योहार है लेकिन इसे पूरी तरह आनंदपूर्वक और सुरक्षित रूप से मनाने के लिए थोड़ी सावधानी भी जरूरी है। खासकर उन लोगों के लिए जो ब्लड शुगर, उच्च रक्तचाप या कोलेस्ट्रॉल की समस्याओं से पीड़ित हैं। जिला अस्पताल की ओर से मरीजों से अपील की गई है कि सावधानी के साथ मिठाई का सेवन करें। ज्यादा मिठाइयों और तली-भुनी चीजों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल का स्तर तेजी से बढ़ सकता है।
भंगेल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. यतेंद्र सिंह बताते हैं कि शुगर के मरीजों को मिठाइयों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। अगर इच्छा बहुत हो, तो चीनी की जगह शुगर-फ्री स्वीटनर से बनी मिठाइयां सीमित मात्रा में ले सकते हैं। वहीं, हाई बीपी के मरीजों को नमक और तली-भुनी चीजों से परहेज करना चाहिए। फास्ट फूड और डिब्बाबंद चीजों में सोडियम की मात्रा अधिक होती है, जो रक्तचाप बढ़ा सकती है।
स्वास्थ्य और सेहत का संतुलन जरूरी
कैलाश हॉस्पिटल की डाइटीशियन स्मिता जायसवाल बताती हैं कि दिवाली पर स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। रिफाइंड शुगर की जगह गुड़, खजूर या स्टीविया का उपयोग करें और फुल फैट दूध या खोये की जगह लोफैट दूध या पनीर का इस्तेमाल करें। आप भूने हुए ड्राई फ्रूट लड्डू, रागी या ओट्स बर्फी और मल्टीग्रेन हलवा जैसी हेल्दी मिठाइयां चुन सकते हैं। तली-भुनी स्नैक्स की जगह भुना मखाना, स्प्राउट्स चाट, ढोकला या एयर फ्राइड नमकीन बेहतर विकल्प हैं। इसके साथ सलाद, फल और साबुत अनाज जैसे फाइबर युक्त आहार लें, ताकि पाचन अच्छा रहे और ब्लड शुगर नियंत्रित रहे।
ओवरईटिंग करने से बचें
डॉक्टरों के अनुसार भोजन के बाद थोड़ी वॉक करना भी बहुत फायदेमंद होता है। पर्याप्त पानी पिएं, भोजन न छोड़ें और धीरे-धीरे खाएं ताकि ओवरईटिंग से बचा जा सके। थोड़े से सजग बदलावों के साथ, दिवाली का त्योहार स्वादिष्ट और स्वस्थ दोनों बनाया जा सकता है।
त्योहार में दिनचर्या भी रखें संतुलित
त्योहारों के दौरान नींद का पैटर्न और दवा लेने का समय भी गड़बड़ा जाता है। ऐसे में मरीजों को अपनी नियमित दवा समय पर लेना और पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। सुबह हल्की सैर या योग भी शरीर को संतुलित रखने में मदद करता है।
यह खाएं और यह नहीं
खाएं- फल, सलाद, सूखे मेवे (बिना नमक और बिना तले हुए), साबुत अनाज
न खाएं- चीनी से बनी मिठाइयां, नमकीन, तली हुई चीजें, कोल्ड ड्रिंक या शराब