(अदालत से)
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) सुनील कुमार-1 की अदालत ने हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में अभियुक्त संजू की जमानत याचिका खारजि कर दी। अदालत ने कहा कि प्रकरण गंभीर प्रकृति का है। विवेचना के दौरान आरोपी का नाम सामने आया है। ऐसे में उसे जमानत देने का कोई ठोस आधार नहीं है। मामला थाना बिसरख क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार, वादी वसीम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान पर कार्यरत खुर्शीद (28) मूल निवासी बिहार के साथ 20 अगस्त 2025 को दोपहर करीब साढ़े एक बजे 2–3 अज्ञात व्यक्तियों ने झगड़ा कर गंभीर मारपीट की थी। घटना के बाद खुर्शीद को गंभीर हालत में यथार्थ अस्पताल सेक्टर-1 बिसरख में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने संजू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि एफआईआर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज हुई थी और संजू का नाम उसमें नहीं था। अदालत ने अभियोजन पक्ष के तर्कों को स्वीकार करते हुए कहा कि खुर्शीद की मृत्यु गंभीर चोटों के कारण हुई है। अपराध की प्रकृति को देखते हुए आरोपी को जमानत देने का कोई पर्याप्त कारण नहीं है।