रबूपुरा के कानपुर गांव में घटना के बाद तैनात पुलिस बल।
- फोटो : Grnoida
रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा थाना क्षेत्र के कानपुर गांव में दलित परिवार पर हुए हमले में दस लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रबूपुरा पुलिस के मुताबिक इस मामले में विकास, स्वराज, हेमंत, संदीप, राहुल, रचित, विपिन, अमरीश, केके शर्मा और भूपेंद्र को नामजद किया गया। वहीं, अज्ञात आरोपियों की पहचान कर राजकुमार, मनीष और सुमित की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाई हैं। वहीं हमले में घायल सात लोगों में से दो युवकों की हालत गंभीर बताई गई है। उनका उपचार दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है।
रविवार को कानपुर गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़ेकार्यक्रम को लेकर बैठक हुई थी। जिसके बाद डीजे के साथ गली से यात्रा निकालने को लेकर दूसरे समाज के कुछ युवकों से दलितों की कहासुनी हुई। आरोप है कि दूसरे समाज के युवक गली से यात्रा निकालने का विरोध कर रहे थे। दलित समाज के लोगों ने आपत्ति की तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दलित समाज के लोग वापस चले गए। लगभग आधे घंटे बाद आरोपियों ने गांव निवासी दलित परिवार के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में लोहे की रॉड, फावड़ा आदि से हमला किया गया। इस दौरान महिलाओं के आभूषण भी लूटे गए। इसमें परिवार की तीन महिलाएं, परिवार का मुखिया और उसके दो बेटे घायल हो गए। दोनों बेटों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। सूचना पर पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। घटना को लेकर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने ट्वीट कर महिला आयोग, एससी एसटी आयोग और उत्तर प्रदेश के डीजीपी से इस मामले को संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश, लूट, बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सभा में बैठने के लिए दीं थी कुर्सियां
पीड़ित पक्ष के लोगों से यह पूछा गया कि जब हमला गली में डीजे आदि लेकर यात्रा निकालने को लेकर हुआ तो इसके आधे घंटे बाद एक दलित परिवार पर हमला क्यों हुआ। बताया गया है कि इस परिवार ने सभा में आने वाले लोगों व कार्यकर्ताओं को बैठने के लिए अपने घर से कुर्सियां दीं। इससे आक्रोशित होकर उन्होंने हमला कर दिया। वहीं, गांव के कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि यह सभा राजनीतिक थी और बिना अनुमति की थी।
डीजे बजाने को लेकर की मारपीट, भीम आर्मी के सदस्य ने कराई रिपोर्ट
रबूपुरा (संवाद)। पुलिस ने प्रेसनोट जारी कर कहा है कि कानपुर गांव में रविवार को भीम आर्मी के समर्थकों ने मीटिंग की थी। मीटिंग के बाद डीजे बजाने को लेकर आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया। इस मामले में भीम आर्मी के सदस्य रुस्तमपुर नगला निवासी बच्चन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। केस में अन्य धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट में भी लगाया गया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।