दनकौर। ट्विटर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवती पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि करीब सात वर्ष पुरानी घटना को शेयर कर लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया गया है। इस मामले में दनकौर कस्बा चौकी प्रभारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर केस दर्ज हुआ है।
क्षेत्र के अट्टा गुजरान गांव निवासी दलित व्यक्ति व उसके परिवार द्वारा वर्ष 2015 में चौराहे पर निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया गया था। बृहस्पतिवार रात उस घटना के आपत्तिजनक फोटो व अन्य सामग्री एक युवती के ट्विटर एकाउंट से शेयर की गई। चौकी प्रभारी विकास बालियान द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा गया है कि इस तरह की पोस्ट से जातीय भावना भड़कने की आशंका है। इसे देखते हुए शीतल नाम की युवती पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने युवती पर केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। उधर युवती को जब मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली तो उसने पोस्ट को डिलीट कर दिया। दनकौर कोतवाली प्रभारी अरविंद पाठक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।