छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश व वीडियो बनाने के मामले में चार पर केस
पांच माह पहले की घटना, अदालत के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। कार सवार युवकों ने छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी गाड़ी से फेंक कर भाग गए। आरोप है कि पूर्व में युवकों ने घर में घुसकर छात्रा व उसकी मां से मारपीट भी थी। फोटो व वीडियो भी बनाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना 13 नवंबर 2023 की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित सोसाइटी निवासी छात्रा के साथ करीब पांच माह पहले घर से कोचिंग जाने के दौरान आकाश और उसके तीन साथियों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई करते हुए फोटो और वीडियो भी बनाए। इस पर छात्रा की मां ने युवकों से फब्तियां कसने का विरोध किया तो आरोपियों ने मां-बेटी को मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। आरोपियों ने पीड़िता के घर में घुसकर छात्रा और उसकी मां की पिटाई की। साथ ही घर में आग लगाने की नीयत से पटाखे की पूरी लड़ी ही जला कर डाल दी। इससे मां-बेटी झुलस गईं। घटना की शिकायत लेकर पीड़िता अपनी मां के साथ 13 नवंबर 2023 को दादरी कोतवाली पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। उसी दिन शाम को गांव स्थित शिव मंदिर से लौटने के दौरान आरोपी आकाश समेत चारों दोस्तों ने गाड़ी में छात्रा का अपहरण कर लिया। सभी ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।