ग्रेटर नोएडा। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण कार चालकों में सीएनजी किट लगवाने की होड़ लगी है। बढ़ती मांग का लाभ उठाने के लिए बदमाश और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी भी सक्रिय हो गए हैं। बीटा-2 थाना पुलिस ने ऐसे ही एक आरोपी दनकौर निवासी सुनीत कुमार मांगलिक को गिरफ्तार किया है। जो चोरी की सीएनजी किट व सिलिंडर कार में लगाकर बेचता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की सीएनजी सिलिंडर व अन्य सामान खरीदने वाले दस कबाड़ियों के नाम बताए हैं। जिसके आधार पर पुलिस कबाड़ियों की धरपकड़ कर रही है।
बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन पहले नवादा निवासी हरीशचंद पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 4 दिसंबर को उनकी दो कारें घर के बाहर खड़ी थीं। सुबह उठने पर पता चला कि दोनों कार से सीएनजी किट व सिलिंडर गायब थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन के बाद पुलिस ने नवादा गांव के पास ही कारों में सीएनजी किट लगाने वाले आरोपी दनकौर निवासी सुनीत कुमार मांगलिक को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने कहा कि सिलिंडर कार में आए एक व्यक्ति से खरीदी थी। पीड़ित हरिशचंद पटेल ने आरोपी से बरामद सिलिंडर की एक निशान के जरिये पहचान की है, क्योंकि आरोपियों ने सिलिंडर के नंबर आदि मिटा दिए थे। इसके अलावा उसने यह भी बताया कि वह कुछ ऐसे कबाड़ियों को जानता है, जो चोरी का सामान खरीदते हैं। वह कबाड़ी चोरी के सिलिंडर भी खरीदते हैं। ये कबाड़ी जहांगीरपुर, बुलंदशहर, स्याना आदि के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनमें से दो-तीन कबाड़ियों से पूछताछ भी की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र से चोरी हुए सामान को अगर किसी कबाड़ी ने खरीदा है, तो उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।