आग लगने के बाद कार में धमाका
आग लगने के बाद कार में धमाका भी हुआ। सोसाइटी की ऊपरी मंजिल में रहने वाले कई लोगों ने इसके वीडियो बनाए। इसमें धमाके की आवाजें आ रही हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, हालांकि वीडियो बनाने वाले लोगों को यह पता नहीं था कि कार में दो लोग फंसे हुए हैं।
बचपन से दोस्ती, साथ विदा हुए दोनों
विजय और अनस की बचपन से दोस्ती थी। दोनों ने दसवीं तक की पढ़ाई साथ में की थी। दोनों का रोजाना मिलना-जुलना था। शनिवार को दोनों एक साथ ही विदा हो गए। दोनों का साथ अंतिम सांस तक नहीं छूटा। विजय पहले एक कंपनी में नौकरी करता था। अभी वह किसी दूसरी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी के लिए घरवाले रिश्ते ढूंढ रहे थे। घटना के बाद अनस की मां जब सोसाइटी पहुंची तो बेहोश हो गईं।
विभिन्न पहलुओं पर हो रही जांच
मृतकों के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि कार में आग लगने के बाद दो लोग सवार थे और दोनों कार से बाहर कैसे नहीं निकल पाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में पता चला है कि अनस और विजय जब सुबह तीन बजे तक घर नहीं पहुंचे तो घरवालों ने फोन किया था। दोनों ने कुछ देर में आने की बात कही थी। वहीं, आगजनी में कार भी पूरी तरह जल गई, हालांकि उसके पिछले हिस्से में रखे दस्तावेज का कुछ हिस्सा बच गया।
हादसे का घटनाक्रम
- शुक्रवार रात करीब 11 बजे दोनों युवक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले।
- शनिवार सुबह 6:08 बजे सोसाइटी के बाहर गेट नंबर एक के पास कार रूकी।
- 6:11 बजे अचानक कार में आग लगी और तुरंत ही तेज लपटें निकलने लगीं।
- 6:25 बजे पर सिक्योरिटी गार्ड ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
- 6:35 बजे के आसपास अग्निशमन कर्मचारी और पुलिस की टीम पहुंची।
- 6:45 बजे पर कार में लगी आग पर काबू पाया गया।
पहले भी हादसे
- एक मई 2023 : सेक्टर-51 में चलती कार में आग लगने से युवक व युवती झुलसे।
- एक फरवरी 2023 : सेक्टर 93 में मर्सिडीज पेड़ से टकराई। कार में आग लगने से कंपनी मैनेजर की मौत।
- 12 फरवरी 2023 : सेक्टर-आठ में सिलिंडर फटने से झुग्गी में लगी आग, नवजात समेत दो की मौत।
- 17 फरवरी 2022 : सेक्टर-53 स्थित स्पा सेंटर में आग लगने से महिला समेत दो की मौत।