ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज दो सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। मार्केटिंग ऑफिस को बंद करा दिया। आरोप है कि बिल्डर पिछले चार साल से रजिस्ट्री कराने का झूठा आश्वासन दे रहा है, लेकिन अभी तक रजिस्ट्री कराना शुरू नहीं किया है। चेतावनी दी है कि अगर बिल्डर जल्द रजिस्ट्री नहीं करता है तो फिर हर सप्ताह प्रदर्शन करेंगे।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में बिल्डर ने चार साल पहले कब्जा दिया था, लेकिन अभी तक रजिस्ट्री नहीं की है। करीब एक हजार निवासी रजिस्ट्री होने का इंतजार कर रहे है। बिल्डर से बार-बार रजिस्ट्री कराने की मांग कर रहे है।
पिछले साल सितंबर में बिल्डर ने एक माह में रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। परेशान होकर रविवार की सुबह सोसाइटी के निवासियों ने एकत्रित होकर ताली व थाली बजाकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोसाइटी के अंदर घूमने के बाद निवासी बिल्डर के मार्केटिंग कार्यालय पर पहुंचे।
वहां कार्यालय को बंद कराया और प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान बिल्डर के कर्मचारियों ने निवासियों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक निवासियों ने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी है कि जब तक रजिस्ट्री शुरू नहीं होती, तब तक बिल्डर के खिलाफ हर सप्ताह शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।