पुलिस ने प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एक सप्ताह में तीन से चार दिन रात में बैडमिंटन खेलते थे, एप से कराते थे बुकिंग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा।
सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम में बैडमिंटन खेलते समय एक कारोबारी कोर्ट में ही गिर गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कारोबारी को मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार का रही है।
सेक्टर-24 पुलिस के अनुसार, मूलरूप से मैनपुरी निवासी स्वप्निल (44) इंदिरापुरम में रहते थे। उनका गाजियाबाद में कारोबार है। वह शौकिया तौर पर स्टेडियम में बैडमिंटन खेलने आते थे। एक सप्ताह में वे तीन से चार दिन रात में बैडमिंटन खेलते थे। मंगलवार रात को भी वह रोजाना की तरह स्टेडियम पहुंचे और खेलते-खेलते बैडमिंटन कोर्ट में अचानक गिर पड़े। उन्हें लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां स्वप्निल को मृत घोषित कर दिया गया। एडीसीपी मनीष मिश्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। हालांकि, चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। स्वप्निल एप से बैडमिंटन कोर्ट बुक कराते थे। स्टेडियम व कोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और घटना के समय कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
मैनपुरी में होगा अंतिम संस्कार
कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे का कहना है कि स्वप्निल का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर मैनपुरी स्थित पैतृक गांव निकल गए। वहीं उनका अंतिम संस्कार होगा।
क्रिकेट खेलते हुई थी इंजीनियर की मौत
कुछ महीने पहले सेक्टर-126 क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान रन लेते समय इंजीनियर की मौत हो गई थी। इस मामले में भी चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही थी। वहीं, दो महीने पहले जीआईपी के वाटर पार्क में दिल्ली के एक युवक की मौत हुई थी। इसमें भी हार्ट अटैक बताया गया था।
बीपी व शुगर से हार्ट अटैक की आशंका : डाॅ. सिद्धार्थ
हृदय रोग विशेषज्ञ डाॅ. सिद्धार्थ सम्राट का कहना है कि खेलने-दौड़ने के दौरान अगर अचानक हार्ट अटैक आता है, तब इसके पीछे पहले से हुई बीमारी वजह बनती है। अगर हाई शुगर व बीपी का कोई मरीज हो तो उसे लगातार जांच करानी चाहिए। ऐसे लोगों को खेलने, कूदने व दौड़ने के समय अचानक से बीपी बढ़ जाता है। ऐसे में हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है।