- यूपीआईटीएस में निर्यातकों व उत्पादकों को मिला कारोबारी मौका, 35,387 बी-2-बी बैठकें संपन्न, 3765 एमओयू पर हस्ताक्षर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के निर्यातकों और उत्पादकों के लिए कारोबारी मौके लेकर आया है। आयोजन के शुरुआती चार दिनों में ही 5,500 करोड़ रुपये के व्यापारिक समझौते हो चुके हैं। इसके अलावा 12,500 करोड़ रुपये की कारोबारी पूछताछ दर्ज की गई है, जिनके आगामी समय में ठोस समझौतों में बदलने की उम्मीद है। विदेशी और घरेलू खरीदारों के साथ अब तक 35,387 बी-2-बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें कुल 3,765 एमओयू (समझौता ज्ञापनों) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ट्रेड शो के अंतिम दिन इन आंकड़ों में और अधिक इजाफा होने की संभावना है।
पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा चौथा संस्करण
ट्रेड शो का यह चौथा संस्करण पिछले तीन वर्षों की तुलना में बेहद शानदार साबित हो रहा है। प्रदर्शनी के पहले चार दिनों में 5.48 लाख से अधिक लोग ग्रेनो स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर पहुंचे हैं। इनमें 1,56,523 घरेलू कारोबारी खरीदार और 3,92,358 सामान्य आगंतुक शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, अकेले सोमवार को प्रदर्शनी में पहुंचने वालों की संख्या एक लाख से अधिक रही।
वैश्विक मंच बन रहा यूपीआईटीएस
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अब यूपीआईटीएस केवल एक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के उत्पादों और विनिर्माण क्षमता को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला एक सशक्त व्यापारिक मंच बन चुका है। 'लोकल से ग्लोबल' विजन के अनुरूप इस आयोजन ने प्रदेश की औद्योगिक ताकत को अंतरराष्ट्रीय फलक पर नई पहचान दिलाई है। इस बार स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
खरीदारों के साथ हुईं 35 हजार से अधिक बैठकें
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस के अपर महानिदेशक सुविध शाह ने जानकारी दी कि अब तक कुल 35,387 बी-2-बी बैठकें सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए आयोजित विशेष सत्र में 11,887 बैठकें हुईं। मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच 23,500 बी-2-बी बैठकें दर्ज की गईं।