ग्रेटर नोएडा। धूम मानिकपुर में बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की टीम ने चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान करीब 100 करोड़ रुपये की 50 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
धूम मानिकपुर के खसरा नंबर-1100, 1086, 1074, 910, 913, 914 व 915 की करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन पर लेविस ग्रीन, रमेश एंक्लेव, पृथ्वी रेजीडेंसी और राजश्री एंक्लेव के नाम से कॉलोनी काटी जा रही थी। सूचना मिलने पर प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक की तरफ से खुद से निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन कॉलोनाइजरों ने इस पर अमल नहीं किया। इस कारण बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा, उप महाप्रबंधक केआर वर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक श्यौदान सिंह की टीम ने प्राधिकरण व स्थानीय पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। पांच बुलडोजर से तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद इस जमीन को खाली करा लिया गया। दादरी बाइपास पर स्थित यह जमीन प्राधिकरण की अधिसूचित एरिया में है।
महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा ने कालोनाइजरों को चेतावनी दी है कि अगर दोबारा से अतिक्रमण करने की कोशिश की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के सीईओ व मेरठ मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी है कि प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति ने अतिक्रमण करने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीईओ ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।