-जेवर तहसील में कार्यरत बताया जा रहा है लेखपाल
-किसान काम कराने के लिए लेखपाल को दे रहा है रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/जेवर। जेवर तहसील में कार्यरत एक लेखपाल पर किसान का काम करने के एवज में रुपये लेने के आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर लेखपाल के रुपये लेने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठे लेखपाल को रुपये देता हुआ नजर आ रहा है। जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने बताया कि किसान का जमीनी मामलों से जुड़ा एक काम तहसील में है। अपने काम के लिए वह संबंधित लेखपाल से मिला था। लेखपाल ने उससे रुपये मांगे थे। किसान ने लेखपाल को रुपये दिये थे। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो की जांच भी कराई जा रही है।
ये रुपये पकड़ो, 10 दिन बाद और दूंगा : वायरल वीडियो में लेखपाल कुर्सी में बैठा हुआ नजर आ रहा है। उसके पास में खड़ा एक व्यक्ति लेखपाल के हाथ में रुपये दे रहा है और कह रहा है कि अभी यह पकड़ो, 10 दिन बाद और दे दूंगा। छह सेकंड के वीडियो में व्यक्ति ने लेखपाल को रुपये दिये। इसमें लेखपाल रुपये वापस करने की कोशिश करता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।