नूंह। जिला सचिवालय पर बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व उनकी सहायिकाओं को अपना समर्थन दिया। इस दौरान वर्करों ने उनको अपनी मांगों से अवगत कराया। इस दौरान मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जफरूद्दीन, संगठन मंत्री समय सिंह, नूंह ब्लाक अध्यक्ष उसमान खान व हसन मोहम्मद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरने पर वर्करों को संबोधित करते आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जफरूद्दीन ने कहा कि वर्तमान में भाजपा के कुशासन से हर वर्ग के लोग दुखी है आज कर्मचारी, किसान, मजदूर, व्यापारी सहित हर आदमी को अपनी मांगों को मनवाने के लिए सरकार के आगे गिड़गिड़ाना पड़ रहा है लेकिन सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कार्यकर्ताओं के पूरी तरह से साथ है। मांगों को पूरा नहीं करने पर वह भी प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन की जिला प्रधान रीटा धारीवाल, जमशीदा व सविता घासेड़ा ने बताया कि सरकार ने पूरी अति कर दी है। वह लगातार 22 दिन से धरने पर भूखी प्यासी बैठी है लेकिन सरकार की और से अभी उनकी मांगों को पूरा नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि उनकी 20 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है सरकार द्वारा खानापूर्ति के लिए बात की जा रही है जब तक लिखित में उनको कोई आश्वासन नहीं मिलता है तब तक वह धरने पर बैठी रहेंगी। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रही।