तावडू। उपमंडल के अंतर्गत गांव बिस्सर अकबरपुर से बेरी रोड का निर्माण कार्य 3 साल में भी पूरा नहीं हो सका है। वहीं, अब तक बनाए गए रोड की हालत जर्जर होने लगी है। राहगीरों वाहन चालकों व आसपास के लोगों में संबंधित ठेकेदार की कार्यशैली के प्रति भारी रोष है। समस्या को लेकर सीएम विंडो में शिकायत दर्ज कराकर समाधान की मांग की गई है।
नरेश चांदना बिस्सर अकबरपुर सरपंच माया, बशीर, जुबेर अबुल, कलाम दीपक भोला सहित आदि ने बताया कि सितंबर 2018 में इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। जिसे 6 महीने की समयावधि में पूरा करना था। 3 साल बीत जाने के बाद इसे पूरा नहीं किया गया। वहीं, अब तक बनाई गई सड़क निर्माण कार्य के दौरान ही जर्जर हो गई। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री प्रयोग करने के कारण यह सड़क के जगह-जगह से टूट चुकी है। सड़क के साथ प्रस्तावित नाले का भी निर्माण भी अधूरा है तो दोनों और मिट्टी भी नहीं डाली गई। निर्माण कार्य में ठेकेदार ने जमकर लापरवाही की है। मामले को लेकर बिस्सर अकबरपुर की सरपंच माया ने गत 29 दिसंबर को सीएम विंडो में शिकायत दर्ज कर समस्या के समाधान की मांग की थी। इसके बाद भी लोक निर्माण विभाग ने समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द मार्ग के इस निर्माण कार्य को पूरा किया जाए। जर्जर सड़क की मरम्मत कर ठेकेदार के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई हो।
बिस्सर अकबरपुर बेरी सड़क मार्ग का निर्माण टेंडर एमआई कंस्ट्रक्शन दिया गया था। लगभग 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य के लिए 2 करोड़ 40 लाख रुपये स्वीकार हुए थे। जिसके साथ नाले का भी निर्माण प्रस्तावित था। सड़क और नाले का निर्माण लगभग पूरा कर दिया गया है। कोविड व मजदूरों की समस्या के चलते निर्माण कार्य में देरी हुई थी। संबंधित ठेकेदार की पेमेंट को विभाग द्वारा रोका गया है।
- आरिफ, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, तावडू