नूंह। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 13-14 फरवरी को नूंह प्रवास पर आ रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे में विकास कार्यों की स्वयं समीक्षा करेंगे। इसके साथ-साथ फ्लैगशिप कार्यक्रम मेरी फसल-मेरा ब्योरा, मेरा पानी-मेरी विरासत के साथ-साथ बरसात से खराब हुई फसलों के बारे में विस्तार पूर्वक बातचीत करेंगे। जिले में 48 करोड़ से बने जिला कारागार का भी उद्घाटन करेंगे।
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि देशभर के 112 आकांक्षी जिलों में हरियाणा का एकमात्र नूंह जिला शामिल है। आकांक्षी जिले के इंडिकेटर्स पर विशेष समीक्षा बैठक की जाएगी। कैसे जिला आकांक्षी जिलों के इंडिकेटर पर बेहतर प्रदर्शन कर सके। सबको सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिला कैसे तरक्की करें, इसको लेकर रिव्यू किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इस दिन जिले के लोगों को केंद्रीय कारागार भी मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सलंबा तथा फिरोजपुर नमक गांव की लगभग 30 एकड़ जमीन में करीब 48 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस जिला कारागार बनकर पूरी तरह से तैयार है।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिले के पुलिस कप्तान वरुण सिंगला एवं जेल अधिकारियों के साथ कारागार परिसर का उन्होंने दौरा किया है, सीएम दौरे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का इस दिन भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास की गतिविधियों का आकलन कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सम्मुख रखा जाएगा। इनमें जो परेशानियां आ रही हैं, साथ ही मुख्यमंत्री हरियाणा के दिशा निर्देश अनुसार इनको गति दी जाएगी ताकि नूंह जिला आकांक्षी जिलों की सूची में बेहतर पायदान पर पहुंच सके। कुल मिलाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आगामी 13 फरवरी को नूंह जिले के दौरे पर आ रहे हैं। उनका रात्रि प्रवास भी रहेगा और 14 फरवरी को भी उनका नूंह जिले में कार्यक्रम रहेगा। लंबे समय बाद दो द्विवसीय इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इलाके के लोगों को भी मुख्यमंत्री के दौरे का बेसब्री से इंतजार है। जिला कारागार को सीएम जनता को समर्पित करने जा रहे हैं।