बड़े चेहरे देखकर योजना फंसे और रिश्तेदारों के रुपये लगाए
नासिक निवासी लालबाबू मीणा ने बताया कि उन्हें मित्र के माध्यम बाइक बोट की योजना के बारे में जानकारी हुई थी। उन्हें बताया गया था कि कंपनी में निवेश करने पर एक साल में लगभग धन दोगुना हो जाएगा। आरोपियों ने अपने प्रचार पंफलेट आदि में केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी का फोटो प्रकाशित किया था। वहीं, अपने उद्घाटन कार्यक्रमों में आईपीएस अधिकारियों को बुलाया था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने ओला-उबर की तर्ज कर बाइक चलाने का झांसा देकर एक से अधिक लोगों को योजना में शामिल करने के लिए बोनस का लालच दिया था। इस कारण लालबाबू ने अपनी पत्नी मीना लालबाबू के नाम से निवेश किया और परिचित व रिश्तेदारों का भी रुपया निवेश कराया। आरोपियों ने 1.85 करोड़ रुपये का चेक उन्हें दिया था जो बाउंस हो गया। राजस्थान निवासी मनीष ने 32 लाख रुपये कंपनी में निवेश किए थे।