ग्रेटर नोएडा। जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को सभी बूथ पर मतदाताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। बूथ पर कोविड नियमों का पालन किया जाएगा। साथ ही सैनिटाइजेशन और मास्क की भी व्यवस्था होगी।
बुधवार को वर्चुअल प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत काम कम था। औसतन जिले में 60 प्रतिशत के करीब मतदान प्रतिशत रहा है, लेकिन इस बार तीनों विधानसभा में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए आरडब्ल्यूए, एओए, सामाजिक संगठन और आम जनता के साथ बैठक की जा रही है। लोगों को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की जा रही है। कॉलेजों में भी बैठक कर बच्चों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 86 हजार मतदाता पहचान पत्र स्पीड पोस्ट से भेज दिए गए है। जल्द ही 46 हजार मतदाता पहचान पत्रों का वितरण हो जाएगा। अगर किसी मतदाता को कोई समस्या है तो वो कंट्रोल रूम नंबर 1950 पर फोन कर जानकारी ले सकता है। आयोग की वेबसाइट पर जाकर मतदाता पर्ची प्राप्त की ज सकती है। जिला प्रशासन भी मतदाता पर्ची का वितरण करा रहा है।
1000 बूथों को होगी वेबकॉस्टिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि तीनों विधानसभा में कुल1840 बूथ हैं। इनमें से 1000 बूथों की वेबकॉस्टिंग की जाएगी। सभी अधिकारी वेबकॉस्टिंग की मदद से बूथों पर लगातार नजर रख सकेंगे। वहीं सभी बूथ पर अर्धसैनिक बल तैनात होंगे।
आखिरी घंटे में मतदान करेंगे कोविड संक्रमित
उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर कोविड नियमों का पालन कराया जाएगा। मतदाताओं को कोरोना संक्रमण से बचाने की पूरी व्यवस्था होगी। अगर कोई कोविड मरीज मतदान करने आता है तो उसे आखिरी घंटे के दौरान मतदान करने का मौका दिया जाएगा।
दलेलगढ़ की समस्या का जल्द होगा समाधान
दलेलगढ़ गांव यमुना नदी के दूसरे छोर पर है। वहां मतदान बूथ नहीं है। ग्रामीणों को यमुना पार कर मतदान करने आना पड़ता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि संबंधित रिटर्निंग अफसर को इस संबंध में निर्देश दिए गए है। ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।