दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे छह दिन पहले मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। महिला के दूसरे पति ने दो बेटों पर हत्या का आरोप लगाते हुए दनकौर कोतवाली में बुधवार को केस दर्ज कराया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
करीब 23 वर्ष पहले मूलरूप से मेरठ निवासी नीतू की शादी दादरी कोतवाली के मथुरापुर गांव निवासी कमल से हुई थी। दोनों के तीन बेटे भी हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब 3 वर्ष पहले उसने पति कमल को छोड़कर दनकौर कोतवाली क्षेत्र के चपरगढ़ गांव निवासी सतेंद्र से शादी कर ली थी। इसी 27 जनवरी को यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे स्पोर्ट्स सिटी के कैंप में नीतू का ईंट से कुचला हुआ शव मिला था।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की कमर में गोली लगने की भी पुष्टि हुई थी। घटना के बाद से पुलिस महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई थी। इस बीच बुधवार की सुबह चपरगढ़ गांव निवासी सतेंद्र ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि 27 जनवरी को मृत मिली महिला उसकी पत्नी है। सतेंद्र का आरोप है कि नीतू व उसके पहले पति के दो बेटे 27 जनवरी की सुबह बाइक पर उसको घर से लेकर गए थे। सतेंद्र का कहना है कि उसने सोचा कि वह अपने गांव को उसको लेकर गए होंगे। सोशल मीडिया के माध्यम से बुधवार को फोटो देखा तो पता चला कि यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे मृत मिली महिला उसकी ही पत्नी है।
वहीं पुलिस हिरासत में दोनों आरोपियों ने बताया है कि उनका पिता कमल शराब का आदी है। जिससे उनके बाबा ने पिता की संपत्ति मां के नाम कर दी थी। कई साल पहले करीब 35 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। जो मां के पास ही था। लेकिन मां ने दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी। मां ने रुपये खर्च कर दिए और प्लॉट को बेचना चाहती। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि महिला के पति सतेंद्र की शिकायत उसके दो बेटों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिसके बाद हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।