कोतवाली सेक्टर-126 में तैनात सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह की तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक वह रविवार को पुलिस बल के साथ सेक्टर-127 में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर बख्तावरपुर गांव के सामने विद्युत ट्रांसफार्मर के पास से पीछा कर रहे एक संदिग्ध को दबोच लिया। जब इससे पूछताछ की गई तब इसने अपना नाम आसिफ शेख और खुद को बांग्लादेश के नोआखली जिले के श्रीपोद्दी गांव का रहने वाला बताया है।
यह वर्तमान में सेक्टर-127 के बख्तावरपुर गांव स्थित पीजी में रह रहा था। इस पीजी का संचालन भी यही कर रहा था। पुलिस को इसके पास से दो मोबाइल, दो भारतीय आधार कार्ड, एक पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज मिले हैं। आसिफ के पास से बरामद एक आधार कार्ड गाजियाबाद के इंदिरापुरम के पते पर बना था। एक अन्य आधार कार्ड महाराष्ट्र के पुणे के पते पर निकला है। यही नहीं आरोपी के पास से जो पासपोर्ट मिला उसमें पता पश्चिम बंगाल का है। आरोपी के पास से बरामद जन्म प्रमाणपत्र की छायाप्रति के बारे में जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि यह उसकी बहन आसमां का है।
बहन को भी भारत लाने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और एप के माध्यम से इसके दस्तावेज का अनुवाद किया तब स्पष्ट हो गया कि आसिफ शेख बांग्लादेशी है। वह अवैध रूप से भारत में रह रहा है। इसके पास से बरामद दस्तावेज गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एक दुकान से बनवाया गया था। कूटरचित दस्तावेजों के सहारे वह नोएडा में रहकर काम कर रहा था। आरोपी अपनी बहन आसमां को भी भारत लाने की फिराक में था।
एप से करता था बात
पुलिस ने जब इसके मोबाइल की जांच की तब इसमें एक आईएमओ एप डाउनलोड मिला। आरोपी ने बताया कि वह इस एप के सहारे बांग्लादेश में अपने परिवार व अन्य लोगों से बातचीत करता था। इस एप से ऑडियो व वीडियो कॉल की जाती थी और कई बार की बातचीत का रिकॉर्ड मोबाइल में मिला।
किराये पर पीजी लेकर चला रहा था बांग्लादेशी
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पीजी में काम करने के दौरान इसे पीजी के बारे में पूरी जानकारी मिल गई। इसके बाद यह नोएडा आ गया और नोएडा में वर्ष 2023 में रायपुर और बख्तावरपुर गांव में किराए पर पीजी लिया और इसे संचालित करने लगा। खुद भी इसी पीजी में रहता था। आरोपी का बड़ा भाई मोहम्मद आलम शेख भी फर्जी तरीके से रहने के दौरान वर्ष 2018 में गाजियाबाद से गिरफ्तार हुआ था।