हरी झंडी दिखाते उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा
- फोटो : Mewat
नूंह। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बुधवार को पोषण अभियान के तहत जिला सचिवालय परिसर से नाटक मंडलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नाटक मंडलियां 196 गांवों में नुक्कड़-नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी, स्वास्थ्य लाभ और सामाजिक बुराइयों को मिटाने के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह कार्यक्रम के तहत यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 196 गांवों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से लोगों को कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी, स्वास्थ्य लाभ और सामाजिक बुराइयों को मिटाने और दहेज प्रताड़ना के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में प्रशासन द्वारा संदिग्ध अल्ट्रासाउंड सेंटरों की सूची तैयार की गई है। इन सेंटरों पर पूरी निगरानी की जा रही है।