इसी लिफ्ट में फंसी रहीं बुआ-भतीजी।
नोएडा। सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी की लिफ्ट में बुधवार रात को महिला और एक साल की भतीजी लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसे रहे। इस बीच मासूम बेहोश भी हो गई। महिला ने अंदर से गार्ड और कर्मियों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला। मामले में जब पीड़ित ने एओए अध्यक्ष से शिकायत की तो आरोप है कि बृहस्पतिवार को अध्यक्ष, मैनेजर और बाउंसरों ने मारपीट कर दी। महिलाओं से बदसलूकी की गई। घटना में चार लोग घायल भी हो गए।
सोसाइटी निवासी हेमराज चंदेल का आरोप है कि रात 12 बजे भाभी नीतू ठाकुर और एक वर्ष की भतीजी अन्या पी टावर की लिफ्ट में बिजली जाने के बाद 20 मिनट तक फंसे रहे। लिफ्ट में बिना बिजली व पंखे के मासूम काफी जोर से रोने लगी और बेहोश हो गई, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। किसी तरह लिफ्ट से निकालने के कुछ देर के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ। मामले की शिकायत जब एओए अध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी से की गई तो उन्होंने और बाउंसर, गार्डों ने शिकायतों को अनसुना करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सोसाइटी के काफी संख्या में लोग बृहस्पतिवार रात को कोतवाली सेक्टर-49 पहुंचे और एओए अध्यक्ष व मैनेजर पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एओए पक्ष के कुछ लोग भी थाने पहुंच गए।
बगैर मानकों के लिफ्ट चलाने का आरोप
सोसाइटी के लोगों ने एओए पर आरोप लगाया है कि मेंटेनेंस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है, लेकिन सुविधाएं नहीं मिलतीं। बिजली जाते ही लिफ्ट में अलार्म बटन काम करना बंद कर देता है। लिफ्ट में पावर बैकअप भी नहीं है। लिफ्ट में इंटरकॉम भी काम नहीं करता है। इमरजेंसी लाइट नहीं है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरा भी काम नहीं करता।
लिफ्ट में महिला और एक मासूम के फंसने के बाद शिकायत करने वालों से मारपीट का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत मिलने पर घायल चार लोगों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। एओए अध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
- रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा