नगीना। लंबे समय से सरकार व प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी मांडीखेड़ा गांव के गरीबों लोगों को सौ-सौ गज की प्लाटों पर कब्जा नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं व पुरुषों ने गुरुग्राम अलवर हाईवे पर उतरकर जाम लगा दिया। ग्रामीण काफी समय तक रोड पर बैठे रहे। जिससे हाईवे पर यातायात करीब एक घंटा तक बंद रहा।
ग्रामीण ने बताया कि सरकार ने दस 10 साल पहले उन्हें 100-100 वर्ग गज के प्लाट अलाट किए थे। लेकिन उन प्लाटों पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया। इस संबंध में ग्रामीणों ने नगीना पुलिस को शिकायत दी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगीना पुलिस मंगलवार को प्लाटों पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने के लिए शिकायत दी, लेकिन अवैध कब्जा को नहीं हटवाया गया। इसी बीच गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर बुधवार को शाम करीब चार बजे जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अब उनकी प्लाटों को अवैध कब्जे से मुक्त नहीं कराई जाती हैं, तब तक हम इसी प्रकार रोड को जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 13 फरवरी को मुख्यमंत्री नूंह दस्तक दे रहे हैं। उनके सामने भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
143 परिवारों के नाम करा दी गई है रजिस्ट्री
मांडीखेड़ा गांव की सरपंच सुशीला, पूर्व सरपंच पोप सिंह, खालिद, रामसिंह व सुभाष ने बताया कि उनके गांव के बीपीएल श्रेणी के 143 परिवार है जिनके नाम सरकार ने वर्ष 2010 में रजिस्ट्री भी करा दी थी लेकिन उनकी प्लाटों पर आज तक कब्जा नहीं दिया गया। इसे लेकर वह कई बार सरकार व प्रशासन से मांग करते रहे हैं लेकिन उनको आज तक कब्जा नहीं दिया गया है। दूसरी और काफी लोगों ने उनकी प्लाटों पर अवैध कब्जा भी कर रखा है जिसके खिलाफ वह रोड पर उतरे। उन्होंने मांग की जल्द प्लाटों की पैमाइश कराकर उनको कब्जा दिलवाया जाए।
अवैध कब्जों को जल्द हटवाएंगे
नगीना के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने प्लाटों पर अवैध कब्जे को लेकर बुधवार को जाम लगाया लेकिन तुरंत बाद ही वहां पर पुलिस के साथ वह पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर उन्होंने मौके पर जाम को खुलवाया। उन्होंने कहा कि प्लाटों पर हुए अवैध कब्जे को जल्द हटवा दिया जाएगा। कुछ कब्जा बुधवार को ही हटवा दिया गया है।